डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयन्ती (14 अप्रेल, 2020) भारत इन्टीग्रेशन मिशन ’’भीम’’ के अन्तर्गत होंगे अनेक कार्यक्रम राजकीय पत्राचार करते समय होगा ‘भीम‘ लोगो का उपयोग

14-2020

जयपुर, 12 दिसम्बर। राज्य सरकार ने परिपत्र जारी कर संविधान दिवस, 26 नवम्बर से भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती 14 अप्रेल, 2020 तक प्रदेश में भारत इन्टीग्रेशन मिशन अर्थात ’’भीम’’ के अन्तर्गत अनेक कार्यक्रमाें के आयोजन किये जाने के लिये सभी अति. मुख्य सचिवों, प्रमुख शासन सचिवों, शासन सचिवों, समस्त विभागध्यक्षों एवं जिला कलक्टरों को निर्देश दिये हैं।

मुख्य सचिव श्री डी.बी.गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्यभर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि व्यापक स्तर पर मनायी गई। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि  विभागों में राजकीय पत्राचार करते समय ‘भीम‘ लोगो का उपयोग किया जाये। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने भारत इन्टीग्रेशन मिशन ’’भीम’’ की लान्चिंग की है। मुख्य सचिव ने 14 अप्रैल, 2020 तक बाबा साहब के जीवन परिचय एवं उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को लेकर विभिन्न अवसरों पर कार्यशाला, गोष्ठियां एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के  भी निर्देश दिये हैं। 

मुख्य सचिव ने बताया कि भारत इन्टीग्रेशन मिशन के अन्तर्गत 12 जनवरी, 2020 को  स्वामी विवेकानन्द जयन्ती (राष्ट्रीय युवा दिवस), 26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस एवं 30 जनवरी को शहीद दिवस का आयोजन किया जायेगा। 

मुख्य सचिव ने बताया कि 13 फरवरी, 2020 को श्रीमती सरोजनी नायडू का जन्म दिवस (राष्ट्रीय महिला दिवस) एवं 8 मार्च 2020 को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन होगा।  इसी प्रकार 30 मार्च, 2020 को राजस्थान दिवस एवं 14 अप्रेल, 2020 को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयन्ती राज्यभर में उल्लास पूर्वक मनायी जायेगी।